अस्पताल में बैठे लूटपाट के पीड़ित।
- फोटो : अमर उजाला
मोरना में युवक ने होटल संचालक और कर्मचारियों को चाय में नशीला पदार्थ पिला कर बेहोश कर दिया और हजारों रुपये की नगदी समेत मोबाइल लूटकर फरार हो गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक आईडी बरामद की है।
शहर मंडी थाना क्षेत्र के गांव मुझेड़ा निवासी मनोज पुत्र जयप्रकाश शुक्रताल में गोकुल फूड प्वाइंट के नाम से बस स्टैंड पर रेस्टोरेंट चलता है। जिसमें तिगरी निवासी सूरजभान, शुक्रताल निवासी विक्की काम करते हैं। सोमवार रात रेस्टोरेंट बंद करने के बाद मनोज अपने दोनों साथियों के साथ रघुवीर चैरिटेबल ट्रस्ट आश्रम में किराए पर ले रखे कमरे में सोने आ गया।
मंगलवार सुबह सात बजे तक रेस्टोरेंट के नहीं खुलने पर दूधिया कमरे पर पहुंचा तो तीनों युवक बेहोश पड़े हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां चाय के खाली गिलास, बिस्कुट का पैकेट और एक आईडी पड़ी मिली।
पुलिस ने बताया कि आईडी मेरठ की है। पुलिस को आशंका है कि जिसकी आईडी है, उसने इन तीनों को चाय में नशीला पदार्थ पिलाया और बेहोश होने पर उनकी बीस हजार रुपये की नगदी, मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आईडी के जरिये युवक की तलाश शुरू कर दी है। ग्राम प्रधान सुशील शर्मा, विनोद शर्मा चेयरमैन, चौधरी सुरेंद्र सिंह, प्रधान नीरज रायल, धर्मेंद्र, मनोहर शर्मा, कंवरपाल, भारती चौधरी, सरदार पलविंदर, गुरदयाल आदि ने बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की पहले जांच पड़ताल करने की मांग की है।