कसौली में पंचायत बनी जंग का मैदान
चरथावल। तीन दिन पूर्व बच्चों में हुई मारपीट को लेकर चल रही पंचायत में दोनों पक्षों में बहस हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। हमलावरों ने सड़क पर आकर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू की। घटना में फायरिंग होने से अफरातफरी मच गई। वारदात में दोनों पक्ष से सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति को संभाला और घायलों को सीएचसी भर्ती कराया।
चरथावल थाना क्षेत्र के गांव कसौली में तीन दिन पहले अकरम और इकबाल पक्ष के बच्चों में झगड़ा हो गया था। इसी प्रकरण में शुक्रवार को शाम करीब पांच बजे पंचायत हो रही थी। किसी बात को लेकर पंचों ने इकबाल के लड़के शोएब को बाहर निकालने को कहा, जिस पर माहौल गरमा गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने शोएब को घेरकर उसके पर हमला बोल दिया। उसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष और मारपीट शुरू हुई। छतों से ईटें भी बरसाई गई। आरोप है कि दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की गई। सूचना पर थाना प्रभारी विंध्याचल तिवारी पुलिस बल के साथ गांव पहुुंचे। उन्होंने मामला शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायलों में एक पक्ष से अनवर, अबुजर, अमजद और आकिल और दूसरे पक्ष से दाउद समेत तीन लोग घायल हुए हैं। हालांकि फायरिंग में गोली किसी को नहीं लगी। एसओ ने बताया कि बच्चों को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। फायरिंग होने की बात की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।