ओमबीर हत्याकांड में दो युवक नामजद
मुजफ्फरनगर। रामपुरी के ओमबीर हत्याकांड में मृतक के भाई ने दो युवकों को नामजद कराया है। पुलिस ने बताया कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर ओमबीर की हत्या की गई। पुलिस नामजद हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है। उधर, रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी में नए पीर के पास रहने वाला ओमवीर (65) पुत्र गोवर्धन शनिवार देर रात करीब नौ बजे अपने मकान में बैठा था। परिजन अंदर कमरे में थे। इसी दौरान कोई हमलावर घर में घुसा और ओमवीर के सिर में तमंचा सटा कर गोली मार कर हत्या कर फरार हो गया था। ओमवीर की मौके पर ही मौत हो गई थी। हत्या करने से पहले हत्यारोपी ने मकान के बाहर गली में जल रहे बल्ब को उतार कर अंधेरा कर दिया था। रात में ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। देर रात को ओमबीर के भाई योगेंद्र कुमार ने हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया। तहरीर में बताया कि उसके मोहल्ले का ही कृष्ण और मीरापुर निवासी विशाल उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ करते थे, जिसका विरोध उसका भाई ओमबीर ने किया था। इसी रंजिश के चलते दोनों तमंचे से गोली मारकर उसके भाई की हत्या कर दी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस नामजद हत्यारोपियों की तलाश में लगी है।
ृ