बुढ़ाना में बेसन का गोदाम सील
मुजफ्फरनगर।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुढ़ाना में रविवार देर रात छापामारी कर बेसन का गोदाम सील किया है। व्यापारी अवैध रूप से बेसन को ब्रांडेड कंपनियों के बाउचर में पैकिंग कर बेच रहा था। टीम ने बेसन का सैंपल लिया है। गोदाम में मौके से 110 क्विंटल बेसन और पैकिंग सामग्री के साथ तौल-कांटा बरामद किया है। साथ ही व्यापारी को नोटिस जारी किया गया है।
डीएम जीएस प्रियदर्शी को शिकायत मिली थी कि बुढ़ाना में अवैध रूप से ब्रांडेड कंपनियों के बाउचर में बेसन बेचा जा रहा है। डीएम के निर्देश पर एफएसडीए के डीओ विनीत कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश दीक्षित ने टीम के साथ बुढ़ाना में नदी रोड पर राजेश गोयल पुत्र घनश्याम गोयल के गोदाम पर छापा मारा। रविवार देर रात टीम ने गोदाम पर कार्रवाई को अंजाम दिया। गोदाम में जांच-पड़ताल की गई तो यहां पर दर्जनों कट्टों में अनेक ब्रांड के पैकेट मिले हैं, जिनमें बेसन भरकर बेचा जाता है। तौलने की मशीन और पैकिंग मशीन भी बरामद हुई है। टीम ने गोदाम स्वामी के पिता घनश्याम गोयल को साथ लेकर कई कमरों की तलाशी ली। जिसमें टीम ने 110 क्विंटल बेसन बरामद किया है। बरामद किए गए बेसन की सैंपलिंग की गई है। मामले को लेकर व्यापारी से पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। गोदाम और बरामद बेसन को सीज किया है। डीओ विनीत कुमार ने बताया कि व्यापारी कहां-कहां बेसन की सप्लाई करता है इसकी जांच-पड़ताल की जा रही है। पकड़ा गया बेसन का बाजार में मूल्य करीब नौ लाख रुपये आंका गया है, जो दिवाली के मद्देनजर तैयार कराया जा रहा था। फिलहाल सैंपल को लैब में जांच के लिए भेजा गया है।