झगड़ा करने पर दो दोस्तों का चालान
मुजफ्फरनगर। गैर मौजूदगी में घर आए दोस्त को देख कर युवक ने उससे मारपीट कर दी। हंगामे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में ले लिया। बाद में उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।
सरवट निवासी युवक के यहां उसके दोस्त का काफी आना जाना था। युवक को शक हुआ कि दोस्त के उसकी पत्नी के साथ संबंध ठीक नहीं है। गत रात युवक कहीं बाहर गया तो उसका दोस्त घर आ गया। इसी दौरान युवक भी वापस आ गया। दोस्त को देखकर वह आगबबूला हो गया। दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई। सोमवार को दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
प्लॉट में खड़ी कार चोरी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला निवासी अहरार अहमद ने पुलिस को बताया कि उसके अपनी आल्टो कार को पास ही एक प्लाट में खड़ा किया था, जिसे रात में किसी ने चोरी कर लिया।
दो भाइयों में मारपीट
मुजफ्फरनगर। नयाबांस निवासी मुकेश और उसके भाई सीताराम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके चलते दोनों में मारपीट हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़ कोतवाली ले आई। बाद में दोनों का शांति भंग में चालान कर दिया।
अपहरण का आरोपी पकड़ा
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हरिद्वार के पथरी निवासी मुराद अली पुत्र जलालुदीन के खिलाफ यहां किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने तथा उसके साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में मुकदमा दर्ज था।
रोहाना में धूमधाम से निकाली रामबारात
रोहाना (मुजफ्फरनगर)। बाबा चंद्रभान श्री रामलीला कमेटी की ओर से बैंडबाजों और सुंदर झांकियों के साथ रामबारात निकाली गई। शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। राम बारात सुभाष त्यागी के घेर से आरंभ हुई। कमेटी अध्यक्ष सुशील त्यागी, मिटठू, डॉ टीनू, विदुर, कलवा, नीरज, श्रवण त्यागी, मंगता, बब्बू, अमरीश, नित्यानंद, बीनू, गुड्डू त्यागी, डॉ बबला आदि मौजूद रहे।