तीन दुकानों से नकदी सहित लाखों का माल उड़ाया
खतौली (मुजफ्फरनगर)। बदमाशों ने एक रात में तीन दुकानों में कुंबल करके नकदी सहित करीब एक लाख रुपयों का सामान चोरी कर लिया। एक दुकान में चोरों ने सुबूत मिटाने को सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले और उसकी डीबीआर भी चोरी कर ले गए। दुकानदारों को चोरियों की घटना का पता मंगलवार की सुबह पता चला। सीओ आशीष प्रताप सिंह ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। व्यापारियों में चोरी की घटना को लेकर रोष व्याप्त है।
सोमवार की रात को जीटी रोड पर ईदगाह के बराबर में मंसूरखां में चोर घुस गए। जाग होने पर चोर वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने चोरों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। पुलिस के जाने के बाद सोमवार की रात को ही जीटी रोड पर स्थित गांव भैंसी निवासी शाजिद पुत्र सरवर की मुहावा एंटरप्राइजेज की दुकान में चोरों ने पीछे से दीवार में कुंबल करके गल्ले से 20 हजार रुपये की नकदी, एलसीडी, मोबाइल आदि कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले और डीबीआर भी चोरी कर ले गए। दुकान में करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इसके बाद इन चोरों ने ही मंडी पुलिस चौकी के सामने गांव तिगाई निवासी अमित ग्रेड पुत्र पूरण ग्रेड की शिव कार बैलेंसिंग की दुकान में कुंबल करके गल्ले से करीब चार हजार रुपये की नगदी सहित लैपटॉप, प्रिंटर, स्केनर, इंवर्टर बैटरा, टूल्स सहित करीब 40 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं बराबर में स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी अर्जुन पुत्र भागमल सिंह की परचून की दुकान में कुंबल करके गल्ले से करीब 500 रुपयों की नगदी सहित गैस सिलेंडर, चूल्हा, सिगरेट के पैकेट सहित करीब पांच हजार रुपये से अधिक का सामान चोरी कर लिया गया। मंगलवार की सुबह दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो चोरी की घटनाओं का पता चला। सूचना मिलने पर सीओ आशीष प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। व्यापारियों में चोरी की घटनाओं को लेकर रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने सीओ से चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कराने तथा रात में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।