मीरापुर। थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान बलीपुरा मोड़ से भूसी लदे ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही तस्करी की शराब के साथ चालक-क्लीनर को हिरासत में ले लिया।
थाना पुलिस बृहस्पतिवार सुबह सूचना के आधार पर दिल्ली-पौडी राजमार्ग के बलीपुरा मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने जानसठ की ओर से आते भूसी लदे ट्रक को रोककर जांच की तो भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 850 पेटियां बरामद की गईं। उक्त शराब तस्करी कर लाई जा रही थी, जिसे उत्तराखंड ले जाया जा रहा था। ट्रक में शराब लदी देख पुलिस ने चालक मनोज व क्लीनर रवि पांडे निवासीगण किच्छा, उधमसिंह नगर को भी हिरासत में ले लिया। पकड़ी गई शराब की कीमत दस लाख से अधिक आंकी जा रही है। इंस्पेक्टर पंकज त्यागी ने बताया कि पूछताछ में बरेली निवासी शानू समेत दो लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
मजदूरी मांगने पर युवक से मारपीट
मीरापुर। थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी सराय निवासी हरपाल ने डीआईजी व एसएसपी के साथ ही राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग व एससी-एसटी आयोग को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि उसके बेटे ने गांव के दो लोगों के यहां काम किया था। आरोप है कि काम कराने के बाद मजदूरी के रुपये मांगने पर आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।