दुष्कर्म पीड़िता ने दी आत्मदाह की चेतावनी
मुजफ्फरनगर। जानसठ निवासी महिला ने पुलिस ऑफिस में शिकायती पत्र देकर अपने दो देवरों पर मारपीट कर दुष्कर्म करने व घर से निकालने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर सीएम आवास पर पहुंचकर पति के साथ आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
जानसठ निवासी महिला ने पति के साथ पुलिस ऑफिस में शिकायती पत्र देकर बताया कि 17 अगस्त को उसके साथ दो देवरों ने पति की गैर मौजूदगी में दुष्कर्म किया था। इसके बाद आरोपियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था, जिसके बाद से वह पति के साथ मायके में रह रही है। पीड़िता के अनुसार, इस संबंध में 18 अगस्त को थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करा दी गई थी, लेकिन अब तक पुलिस ने उनके खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की है। इसके चलते आरोपीगण अब पीड़िता व उसके पति पर समझौते का दबाव बनाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि यदि आठ सितंबर तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो वह पति सहित लखनऊ में सीएम आवास पर पहुंचकर आत्मदाह कर लेगी। एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।