पीएनबी ने नकली नोट जमा कराए, केस दर्ज
मुजफ्फरनगर। पंजाब नेशनल बैंक नईमंडी की ओर से रिजर्व बैंक कानपुर में जमा कराए गए खजाने में पुरानी करेंसी के 1000 और 500 के नोट नकली निकले। रिजर्व बैंक के प्रबंधक ने नईमंडी थाने में इस मामले में मुकदमा दर्ज कर नोटों की जांच कराकर बैंक प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
रिजर्व बैंक के दावा अनुभाग निर्गम विभाग कानपुर के प्रबंधक सत्य कुमार ने नई मंडी थाने में तहरीर दी। बताया कि पंजाब नेशनल बैंक नईमंडी द्वारा जून 2017 में खजाना जमा कराया गया था, जिसमें पुरानी करेंसी के 500 का एक नोट और एक हजार के पांच नोट नकली पाए गए। उन्होंने कहा कि नोटों को सील कर उन्हें जांच के लिए जीएम बैंक नोट प्रेस मध्य प्रदेश या बैंक नोट प्रेस नासिक को भेजा जाए। पुलिस ने तहरीर पर के आधार पर पीएनबी नई मंडी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।