पुरकाजी। दस दिन पूर्व हाईवे पर हुई एक व्यापारी से लूट की वारदात में शामिल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसका आर्म्स एक्ट में चालान किया है। 28 फरवरी को खड़का वाला तिराहे पर लगी पैंठ में सामान बेचकर साइकिल से घर लौट रहे व्यापारी ग्राम फलौदा निवासी रमेशचंद की पिटाई कर बदमाशों ने चार हजार रुपये लूट लिए थे। पीड़ित व्यापारी ने थाने पर तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित को टरका कर थाने से वापस भेज दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने कस्बे के एक युवक को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार उसने पूछताछ में लूट में शामिल होने की बात पुलिस के सामने कबूल की थी। मगर, थाने पर उक्त घटना का कोई मुकदमा दर्ज नहीं होने के कारण पुलिस ने गिरफ्तार किए गए युवक कादिर निवासी मोहल्ला जाटान का शनिवार को आर्म्स एक्ट में चालान कर दिया है।