जाल काटकर घर में घुसे चोर
खतौली (मुजफ्फरनगर)। बंद मकान का जाल काटकर अंदर घुसे चोरों ने हजारों की नगदी समेत सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह परिवार के लोगों को घटना का पता चला।
थाना क्षेत्र के गांव दाहौड़ के रहने वाले हरिओम पुत्र चंद्रपाल कई सालों से मोहल्ला गणेश गार्ड में मकान बनाकर रह रहे हैं। सोमवार रात को गांव दाहौड़ में परिवार में ही माता का जागरण था। हरिओम परिवार समेत गांव में चला गया था। उसी समय चोरों ने छत पर चढ़कर लोहे का जाल काटा और रस्से से मकान में उतर गए। चोरों ने मकान में रखी सेफ से करीब 35 हजार की नगदी व 15 तोले सोने व चांदी के जेवर और कीमती कपड़े चोरी कर लिए। हरिओम मंगलवार सुबह परिवार के साथ मकान पर पहुंचा। मकान के गेट का दरवाजा खोला तो अंदर सारा सामान इधर उधर पड़ा हुआ था और सभी सेफ खुली हुई थी। सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पीड़ित हरिओम के मुताबिक नगदी समेत करीब साढ़े चार लाख रुपयों की चोरी हुई है। पीड़ित की ओर से पुलिस को चोरी की घटना की तहरीर दे दी गई है।