50 हजार नहीं देने पर की गई थी शोभा की हत्या
मुजफ्फरनगर। नईमंडी कोतवाली पुलिस ने अवध विहार की मीनाक्षीपुरम में हुए विवाहिता शोभादेवी हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी भोपा निवासी मोनू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधार के 50 हजार रुपये नहीं देना कत्ल की वजह बताया गया है।
मीनाक्षीपुरम में 23 जुलाई को शोभादेवी की गला दबाकर और मुंह में कपड़ा ठूंस कर हत्या कर दी गई थी। वह मूल रूप से जानसठ के गांव नाईपुरा की रहने वाली थी। पति रमेशचंद से मनमुटाव के चलते यह यहां अपनी बेटी के साथ मीनाक्षीपुरम में किराए के मकान में रह रही थी। मृतका की बेटी काजल की ओर से अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। नईमंडी इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान कॉल डिटेल के आधार पर भोपा के डाकघर गली निवासी मोनू कुमार पुत्र कंवर सिंह का नाम प्रकाश में आया। वह घटना के दिन से ही फरार था। पुलिस ने एक सूचना के आधार पर शुक्रवार को उसे भोपा रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने शोभादेवी का कत्ल करना स्वीकार किया। बताया कि उसके शोभा पर 50 हजार रुपये उधार थे, जो मांगने पर नहीं दे रही थी। साथ ही झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रही थी। घटना के रोज वह अपने रुपये मांगने उसके कमरे पर गया था। जहां पर रुपयो को लेकर कहासुनी होने पर उसने शोभा की गला दबा कर और मुंह में कपड़ा ठूंस कर हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने चालान कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।