हाईवे पर खड़ी कार में मिली युवक की लाश
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-दून नेशनल हाईवे पर बागोवाली चेकपोस्ट के निकट खड़ी कार से शुक्रवार शाम युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। कार की चालक सीट पर मिले शव की पहचान सिखेड़ा के गांव बहादरपुर निवासी युवक के रूप में हुई। प्रथम जांच में युवक की मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-दून हाईवे पर बागोवाली चेकपोस्ट के निकट बृहस्पतिवार रात से एक कार खड़ी हुई थी। लावारिस कार की सूचना पर शुक्रवार शाम पहुंची नई मंडी पुलिस ने कार के भीतर झांका तो चालक सीट पर एक युवक की लाश पड़ी मिली। किसी तरह कार खोलकर पुलिस ने शव की तलाशी ली, तो उसके पास से मिले मोबाइल से शव की पहचान सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी सुभाष के रूप में हुई। पूछताछ में सुभाष के परिजनों ने बताया कि वह एक परिचित के परिवार को छोड़ने गांव नसीरपुर कार लेकर गया था। इसके बाद से ही वह लापता था। इस पर पुलिस ने गांव नसीरपुर निवासी सुभाष के परिचित से बात की तो पता चला कि उसे रात में सीने में दर्द हो रहा था। जिसके बाद वह रात में ही नसीरपुर से घर के लिए निकल गया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम द्रष्टया जांच में युवक की मौत हार्ट अटैक से होने की बात सामने आ रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध युवक की तलाश में दौड़ी पुलिस
मुजफ्फरनगर। शहर के जानसठ रोड पर शुक्रवार को एक संदिग्ध बाइक सवार की तलाश में नई मंडी और सिविल लाइंस थाना पुलिस घंटों भागदौड़ करती रही। दरअसल, पुलिस को बाइक सवार के पीछे किसी थाने की पुलिस के होने की सूचना मिली थी। इस पर दोनों थानों के पुलिस ने उसकी तलाश में घेराबंदी की, जिस पर युवक के जानसठ पुल से कूदने की अफवाह उड़ी, लेकिन घंटो की मशक्कत के बावजूद न तो युवक मिला और न ही उसकी बाइक।