नंगला बुजुर्ग में गोवंश अवशेष मिलने से पनपा आक्रोश
भोपा। क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग में कुछ दिनों से खेतों गोवंश के अवशेष मिल रहे हैं। इसे लेकर लोगों में आक्रोश पनप रहा है। हिंदू संगठनों व ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि मजदूर खेतों में काम करने से इंकार करने लगे हैं।
नंगला बुजुर्ग के कासमपुरा मार्ग पर स्थित कोल्हू संचालक व किसान वकील ने बताया कि उसके कोल्हू के आसपास के खेतों मे प्रतिदिन गोवंश के अवशेष पड़े मिलते हैं। जंगली जानवर इन्हें कोल्हू में इधर-उधर बिखेर देते हैं। गोवंश के अवशेषों को बिखरा देखकर कोल्हू में कार्यरत मजदूर काम करने को मना करते हैं। वकील ने बताया कि कई बार पुलिस को भी अवगत कराया है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने जिले के अधिकारियों को भी फोन पर सूचना दी। उन्होंने बताया कि बुधवार सवेरे भी कोल्हू के बराबर में स्थित बरसीम के खेत में भारी मात्रा में गोमांस व अवशेष मिले। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने अवशेषों को मिट्टी में दबा दिया। इसे लेकर ग्रामीणों व बजरंग दल, शिवसेना सहित भाजपा नेताओं ने भारी रोष प्रकट किया है। भाजपा डॉ.वीरपाल निर्वाल ने गोकशी की घटना पर आक्रोश प्रकट करते पुलिस अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर आरोपियों का पता लगा कार्रवाई करने मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक बीपी सिंह ने बताया कि गोकशी करने वालों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। नंगला बुजुर्ग मामले की वह मौके पर जाकर जांच करेंगे।
युवती ने लगाया मारपीट का आरोप
भोपा। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस से की शिकायत कहा है कि वह मंगलवार देर शाम अपने खेत में कार्य समाप्त कर लौट रही थी। रास्ते में पड़ोस के युवक ने अपने परिवार के साथ उसे रोक लिया। उसके साथ की गई कहासुनी व छींटाकशी का विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की। देर शाम पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और तहरीर दी।
कपड़े की फेरी करने गया युवक लापता
भोपा। गांव रुड़कली निवासी इक़बाल ने बताया कि उसके परिवार का 21 वर्षीय शाहनवाज पुत्र मुर्सलीन दूसरे प्रदेशों में कपड़े की फेरी लगाने का काम करता है। उसके साथ गए गांव के फुरकान, इक़बाल 12 दिन पहले घर लौट आए थे, लेकिन शाहनवाज लापता है। दस दिन पहले उसने फोन पर केरल जाने की बात कही थी। अब उसका फोन भी नहीं मिलता है। थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की लोकेशन पंजाबी पारा वर्धमान पश्चिमी बंगाल की मिल रही है। उससे संपर्क नहीं हो पा रहा।
शराब सेल्समैन से मारपीट
भोपा। भोकरहेड़ी शराब के ठेके पर तैनात सेल्समैन को साथियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर निवासी सुभाष ने बताया कि उसका भाई मोनू भोकरहेड़ी स्थित देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन है। दो अन्य युवक भी वहां पर काम करते हैं। आरोप है कि मंगलवार देर रात्रि दोनों ने मिलकर मोनू के साथ मारपीट की तथा इसके बाद जान से मारने के इरादे से उसका गला दबाया। पुलिस ने तहरीर लेकर घायल मोनू को उपचार के लिए भेज दिया।
कब्जे की शिकायत पर की पैमाइश
भोपा। भोपा में नहर किनारे सरकारी भूमि पर निर्माण की शिकायत पर एसडीएम विजय कुमार ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की। उन्होंने राजस्व टीम को वहां लगाया । कानूनगो ओमप्रकाश चौहान ने बताया कि पैमाइश की गई है। मामले की जांच पड़ताल कर अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।