मुजफ्फरनगर। शहर के शाहबुद्दीनपुर रोड स्थित मदरसा वाली गली में चेकिंग के दौरान बिजली चोरी पकड़े जाने पर कुछ लोगों ने जेई समेत विद्युत निगम की टीम पर हमला कर दिया। मामले में जेई की तहरीर पर सात नामजद समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड स्थित बिजलीघर के जेई विजय कुशवाहा ने तहरीर देकर बताया कि वे अपनी टीम के साथ शाहबुद्दीनपुर रोड स्थित मदरसे वाली गली में चेकिंग के लिए गए थे। जेई के अनुसार, चेकिंग में एक घर में बिजली चोरी पकड़ी गई, जिस पर उसके खिलाफ जैसे ही विभागीय कार्रवाई शुरू की गई, कुछ लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि गाली-गलौच के साथ ही विभागीय टीम से मारपीट करते हुए सरकारी कागजात छीनने का प्रयास किया गया। टीम ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को दौड़ाते हुए विद्युत विभाग की टीम को निकाला। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला समेत दो ने किया आत्महत्या का प्रयास
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार निवासी गुलशन पत्नी लियाकत ने शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद कुनैन की गोलियां गटक ली। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उधर, नई मंडी क्षेत्र के गांव बागोवाली निवासी अफजल पुत्र सईद ने गृहक्लेश के चलते सल्फास खा लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लाए, जहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।