सवा किलो सोने की चोरी में फरार आरोपी दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर के भगत सिंह रोड स्थित जय शिव ज्वैलर्स पर करीब दो माह पूर्व हुई सवा किलो सोने की चोरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मेरठ के हापुड़ रोड निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से सोने का हार भी बरामद किया गया है, जिसे चोरी किए गए सोने को गलाकर बनवाया गया था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के भगतसिंह रोड स्थित जय शिव ज्वैलर्स के यहां विगत 20 सितंबर को बुर्काधारी तीन महिलाओं ने करीब सवा किलो सोने के जेवरात से भरा बैग चोरी कर लिया था। पुलिस ने मामले में मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र निवासी तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि पांच अन्य फरार चल रहे थे। इस चोर गिरोह को एक ही परिवार की महिलाओं द्वारा ऑपरेट किया जा रहा था, जिसमें परिवार के पुरुष सदस्य सहयोगी की भूमिका में थे। शहर कोतवाली पुलिस दो दिन पूर्व आरोपियों की तलाश में मेरठ पहुंची थी, जहां उन्होंने सवा किलो सोने की चोरी के फरार आरोपी अब्दुल कलाम पुत्र अब्दुल सईद निवासी नेहरू मार्केट हापुड़ रोड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से करीब 50 ग्राम वजन का सोने का हार बरामद किया गया है, जिसे उसने पूछताछ में चोरी के सोने को गलवाकर बनवाए जाने की जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।