ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
गो संरक्षण स्क्वायड रुड़की टीम ने लक्सर क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर छापामारी की। टीम को देखकर गोकशी करने वाले फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 65 किलो गोमांस समेत अन्य सामान बरामद किया है। साथ ही फरार तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
टीम को लक्सर के ग्राम लादपुर में नदी के पास गोकशी की सूचना मिली थी। हरकत में आई टीम ने तत्काल छापेमारी की। टीम को देख गोकशी करने वाले आरोपी जंगल की ओर भाग निकले। टीम ने मौके से करीब 65 किलो गोमांस, गोवंश की खाल समेत अन्य सामान बरामद किया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर छापामारी की गई थी। टीम को आता देखकर गोकशी करने वाले आरोपी फरार हो गए। उन्होंने बताया कि गोकशी के आरोप में इकलाख उर्फ चूणा ग्राम लादपुर, थाना लक्सर, अफसर पुत्र मुनसब व मुनसब पुत्र हसकत निवासी संघीपुर, थाना लक्सर के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही मौके से बरामद गोवंश मांस को जांच के लिए लैब भेजा गया है। उन्होंने बताया कि गोकशी के खिलाफ टीम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।