दिनदहाड़े जमना विहार में घर में चोरी
खतौली। दिनदहाड़े मकान के गेट का ताला काटकर अंदर घुसे चोर हजारों की नगदी व सोने की अंगूठी चोरी कर ले गए। एक ही कालोनी में अब तक पांच चोरी की घटना घट चुकी है। सभी चोरियां दिन में ही की गई है।
जमना विहार निवासी चौधरी विनोद पुत्र धर्मपाल का मकान है। विनोद बेगराजपुर में किसी फैक्ट्री में काम करता है। मंगलवार को परिवार की महिला संतोष अकेली थी। दोपहर के समय संतोष अपने मकान के मुख्य गेट पर ताला लगाकर बाजार में सामान खरीदने के लिए चली गई। इसी बीच चोरों ने मकान के गेट पर लगा ताला आरी से काटा और अंदर घुस गए। चोरों ने मकान के अंदर सेफ से पांच हजार रुपये की नगदी और एक सोने की अंगूठी चोरी कर ली। इसी दौरान पड़ोसी तीन साल का बालक अपनी गिटार लेकर सेल लेने के लिए चौधरी विनोद के घर पर पहुंचा। बालक ने संतोष को ताई जी कहकर आवाज लगाई। बालक मकान के अंदर घुसा तो कमरे में उसने सेफ खुली और सामान इधर उधर बिखरा हुआ देखा। बालक ने अपने घर पहुंचकर अपनी मम्मी से यह बात बताई। पड़ोसी महिला विनोद के घर पर पहुंची। मकान के अंदर सेफ खुली देखकर वह दंग रह गई। पड़ोसियों ने मोबाइल फोन पर बाजार गई संतोष को चोरी की घटना की जानकारी दी। चोरी की खबर मिलते ही संतोष अपने घर पहुंची। संतोष ने सेफ में देखा कि पांच हजार रुपये की नगदी व सोने की एक अंगूठी गायब मिली। चोरी की घटना की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पीड़ित महिला की ओर से पुलिस को चोरी की घटना की तहरीर दे दी गई है। भाजपा नेता अनुज सहरावत ने बताया कि कालोनी में अब तक पांच चोरियां हो चुकी हैं। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया है।