इमामबाड़ा प्रकरण में दस्तावेज मांगा
जानसठ। कसबे में इमामबाड़ा भी भूमि के विवाद को लेकर प्रशासन ने शिया व सुन्नी समुदायों से एक सप्ताह में अपने इमामबाड़ा की भूमि से संबंधित दस्तावेजों को मांगा है। सीओ ने कहा कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
कस्बे के मोहल्ला चौक स्थित इमामबाड़ा की भूमि को लेकर शिया व सुन्नी समुदाय के लोग अपने अपने दावे पेश कर रहे हैं। इसको लेकर दो समुदायों में विवाद हो गया था। सोमवार को कोतवाली परिसर में एसडीएम विजय कुमार व सीओ एसकेएस प्रताप द्वारा दोनों पक्षों को संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों को दिखाने का एक सप्ताह का समय दिया गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को चेताया कि इमामबाड़ा की भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिया समुदाय के अब्बास अली खां ने कहा कि पिछले कई वर्षों से इस इमामबाड़ा में उनके समुदाय के लोग मजलिस करते आ रहे हैं, जबकि दूसरे पक्ष ने कहा कि उसकी बराबर की जमीन इमामबाड़ा की है। इमामबाड़ा की छत गिरने के बाद उन्होंने अपनी भूमि पर मजलिस करने के लिए कह दिया था। सीओ एसकेएस प्रताप ने कहा कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अब्बास अली खां, हसन अली, डा. आबिद, सभासद अब्दुल्ला कुरैशी, कालू, सत्तार आदि लोग मौजूद रहे।