हाइवे पर खड़े ट्रक से लाखों का माल चोरी
मुजफ्फरनगर। हाईवे पर बागोवाली बाईपास के निकट बदमाशों ने खड़े ट्रक से पांच लाख रुपये कीमत का इलेक्ट्रॉनिक माल चोरी कर लिया। ट्रक में सोए चालक को घटना की जानकारी अगले दिन सोकर उठने के बाद लगी, जिसके बाद उसने ट्रक मालिक को घटना की जानकारी दी। ट्रक मालिक की तहरीर पर पुलिस ने घटना की एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नई दिल्ली के मीनाक्षीपुरम निवासी अमरजीत सिंह ने नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका ट्रक है, जिसमें दिल्ली का ही युवक बतौर चालक कार्यरत है। ट्रक मालिक के अनुसार, रविवार रात उसके ट्रक में हरिद्वार से गुड़गांव के लिए लाखों कीमत का इलेक्ट्रॉनिक्स का माल लोड हुआ था। माल से लदा ट्रक लेकर देर रात जब चालक मुजफ्फरनगर पहुुंचा तो वह हाईवे के बागोवाली बाईपास स्थित ढाबे पर ट्रक खड़ा कर खाना खाने के बाद उसी में सो गया। देर रात बदमाशों ने खड़े ट्रक में पीछे से तिरपाल फाड़कर उसमें लदे करीब पांच लाख रुपये कीमत के इलेक्ट्रॉनिक्स का माल चोरी कर लिया। सोमवार सुबह चालक नींद से जागकर ट्रक के पीछे पहुंचा तो वहां से माल गायब देख उसके होश उड़ गए। चालक की सूचना पर ट्रक मालिक मौके पर पहुंचा, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ माल चोरी की एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।