छपार। गांव छपार के मजरा जयभगवानपुर में रविवार शाम के समय प्रेमी युगल ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जहर खा लिया। परिजन दोनों को हॉस्पिटल ले गए, जहां युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
छपार गांव के मजरा जयभगवानपुर निवासी दो युवक अपने-अपने परिवार के साथ उत्तराखंड के कस्बा लंढौरा में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। भट्ठे पर काम करने के दौरान ही दोनों के परिवार के लड़की और लड़की के बीच प्रेम संबंध बन गए। जिस पर दोनों के परिजनों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे एक-दूसरे के साथ शादी करने की जिद पर अड़ गए। रविवार सुबह ईंट भट्ठे पर दोनों के परिजनों ने डांटते हुए उनकी शादी करने से स्पष्ट इंकार कर दिया। परिजनों के इस व्यवहार से प्रेमी जोड़ा इतना आहत हुआ कि बिना किसी को बताए वहां से एक-दूसरे के साथ ही घर लौटने के लिए निकल गए। दोनों ने छपार में आकर किसी दुकान से जहर खरीदा और फिर मजरा जयभगवानपुर में अपने घर चले गए। जहर खाने के कुछ देर बाद ही दोनों की हालत बिगडऩे लगी। आनन-फानन में परिजन घर लौटे और दोनों को गांव के ही एक डॉक्टर को दिखाया, जिसने उनकी हालत नाजुक बताते हुए दोनों को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
परिजन दोनों को एक निजी हॉस्पिटल में ले गए, जहां युवक की मौत हो गई, जबकि युवती की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। युवक की मौत के बाद परिजन गुपचुप तरीके से उसकी लाश लेकर गांव लौट गए, जहां बिना किसी पुलिस कार्रवाई के लाश का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले में इंस्पेक्टर छपार सुभाष राठौर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। यदि कोई इस संबंध में शिकायत करता है तो हरसंभव कार्रवाई की जाएगी।