मुजफ्फरनगर। अज्ञात व्यक्ति ने बैंक अधिकारी बनकर युवक के खाते से 45 हजार की रकम ट्रांसफर कर ली। इसके अलावा एक युवक का एटीएम कार्ड बदलकर 15 हजार रुपये निकाल लिए गए। आदर्श कॉलोनी निवासी मुकेश के मोबाइल पर आई कॉल में फोन करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया। उसने मुकेश से एटीएम कार्ड सुचारु रखने के लिए कार्ड पर लिखा नंबर और पासवार्ड मांगा। पीड़ित फोन करने वाले के झांसे में आ गया और उसने अपना पिन नंबर और पासवर्ड बता दिया। इसके बाद उसके खाते से 45 हजार रुपये स्थानांतरित कर लिए गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस और बैंक अधिकारियों को दी है। एक अन्य मामले में रुड़की रोड स्थित एटीएम में रुपये निकालने आए रामपुरी निवासी साहिल का कार्ड बदलकर दो युवकों ने 15 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
किशोरी और वृद्घा छत से गिरी
मुजफ्फरनगर। अलग-अलग स्थानों पर छत से गिरकर किशोरी और वृद्घा घायल हो गईं। दोनों को सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। नई मंडी क्षेत्र के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी 15 वर्षीया किशोरी घर की छत से गिरकर घायल हो गई। किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, शहर कोतवाली के मिमलाना रोड निवासी 65 वर्षीय वृद्धा भी छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। दूसरी तरफ, शहर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड निवासी 40 वर्षीया विवाहिता को संदिग्ध हालात में झुलस गई। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया।