शाहपुर। कस्बे में मेन रोड स्थित कपड़े के शोरूम में सेंधमारी कर लाखों कीमत का कपड़ा चोरी कर लिया। चोरी का माल डीसीएम में लादते समय हुई आहट सुनकर चौकीदार ने मौके पर पहुंचकर शोर मचा दिया, जिस पर बदमाश सारा माल छोड़कर फरार हो गए।
शाहपुर कस्बा निवासी दो भाइयों अतुल सिंघल और रेनू सिंघल का मेन रोड पर महानंद हैंडलूम नाम से कपड़े का शोरूम है। बृहस्पतिवार रात बदमाश शोरूम के पीछे स्थित खाली प्लॉट में पहुंचकर शोरूम की दीवार तोड़कर भीतर घुस गए। बदमाशों ने शोरूम से लाखों कीमत का कपड़ा चोरी कर प्लाट में ही रख लिया। इसके बाद बदमाश चोरी के माल को साथ लाए डीसीएम में लादने लगे। इसी दौरान आहट सुनकर चौकीदार मौके पर पहुंच गया और बदमाशों को देख शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो बदमाश चोरी किया गया सारा माल वहीं छोड़ डीसीएम लेकर फरार हो गए। सूचना पर शोरूम मालिक दोनों भाई भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। पीड़ित व्यापारी ने घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस से मार्केट में रात्रि गश्त बढ़ाने की भी मांग की है।