छात्र ने लगाया लॉकेट तोड़ने का आरोप
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव सीकरी निवासी दलित बच्चा गांव सिकंदरपुर के एक इंटर कॉलेज में कक्षा छह में पढ़ता है। मंगलवार शाम के समय छात्र के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर बताया कि गंगास्नान मेले से उसने आंबेडकर की तस्वीर का लॉकेट खरीदा था। जिसे वह मंगलवार को पहनकर स्कूल पहुंचा। आरोप है कि कॉलेज की एक शिक्षिका ने उसके गले से आंबेडकर का लॉकेट देख अपशब्द कहते हुए उसे तुड़वा दिया। विरोध करने पर छात्र के लंबे बाल भी कटवा दिए गए। छात्र ने घर लौटकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिस पर उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। उधर, इंस्पेक्टर बीपी सिंह ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।
हादसे में बाइक सवार दो घायल
भोपा। थाना ककरौली क्षेत्र के गांव चौरावाला निवासी मिंटू और मोनू मंगलवार को किसी काम से बाइक पर मुजफ्फरनगर गए थे। वहां से शाम के समय लौटते समय मोरना रजवाहे के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल-100 के जयवीर सिंह व पंकज भाटी ने दोनों घायलों को ले जाकर मोरना पीएचसी पर भर्ती कराया।
क्षतिग्रस्त पुल से भारी वाहन गुजारने पर रोष
भोपा। थाना क्षेत्र के निरगाजनी पावर हाउस का गंगनहर का पुल काफी हद तक जर्जर हो चुका है। पुल की हालत देख संबंधित विभाग द्वारा इससे वाहन लेकर गुजरने को खतरनाक बताया है। लेकिन इसके बावजूद पुल से भारी वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है। ग्राम प्रधान सिकंदरपुर मेनपाल सिंह, भाकियू नेता प्रधान पुष्पेंद्र, योगेश सिवाच प्रधान, प्रधान संसार सिंह, प्रधान विजयपाल, प्रधान सुक्रमपाल और राजीव चेयरमैन ने इस पर आक्रोश जताते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त पुल से भारी वाहनों की आवाजाही बंद कराने की मांग की है।