मुठभेड़ में पांच बदमाश गिरफ्तार, तीन फरार
पुरकाजी। पुलिस ने नेशनल हाईवे बाईपास पर मुठभेड़ में पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक सहित लाखों रुपये का सामान बरामद किया है। तीन बदमाश मौके से फरार हो गए, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुरकाजी इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि पुलिस बाईपास पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बाईपास पर गुप्ता चाट भंडार के पास कुछ बदमाश मय असलहा के इकट्ठा हो रहे हैं, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने मौके पर जाकर घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन बदमाश जंगल के रास्ते फरार हो गए। बदमाशों के पास से तीन तमंचे, पांच कारतूस और तीन खोखा कारतूस व दो चाकू के अलावा 9 अक्तूबर को पुरकाजी बाईपास पर मुर्गी फार्म से चोरी की गई दो सोलर पैनल, बिजली का मीटर, दो मोबाइल तथा गत माह छपार क्षेत्र से बहती सेंटर से चोरी की गई एलईडी और उत्तराखंड की कोतवाली मंगलौर क्षेत्र से लूटी गई बाइक एवं एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाश अरुण पुत्र महेंद्र व शुभम पुत्र तेजपाल निवासी ग्राम फतेहपुर, मुनेंद्र उर्फ भूरा पुत्र जगत सिंह निवासी ग्राम धारूवाला थाना देवबंद जनपद सहारनपुर और विक्की पुत्र राजबीर व सन्नी उर्फ जिंदर पुत्र विजयपाल निवासी मौहल्ला दक्षिणी चमारान को जेल भेज दिया है। मौके से फरार हुए बदमाश दीपक पुत्र देवी सिंह निवासी ग्राम फतेहपुर व बादल पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम बाबपुर नंगली थाना देवबंद सहारनपुर और सन्नी उर्फ दीपक की तलाश की जा रही है।