महिला पुलिसकर्मी के घर हुई चोरी का खुलासा
मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर में महिला पुलिसकर्मी के घर के साथ ही कोर्ट रोड स्थित बीज की दो दुकानों में भी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के पास से चोरी की एक बाइक, तमंचा, नकदी व जेवरात बरामद किए गए हैं।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान बाइक पर आते दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा बाइक से कूदकर फरार हो गया। एसआई तारिक वसीम ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश शाहरुख पुत्र रहमान निवासी सुपर कॉलोनी है, जबकि भागे बदमाश की पहचान शाहरुख उर्फ जटी पुत्र शहजाद निवासी मदीना कॉलोनी के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए बदमाश के पास से चोरी की एक बाइक, तमंचा, 5,500 रुपये नकद और चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। आरोपी ने पूछताछ में बरामद किए गए जेवरात पुलिस लाइन में करीब एक माह पूर्व महिला कांस्टेबल विमलेश के आवास से चोरी करना बताया। वहीं, आरोपी ने 31 अक्तूबर को कोर्ट रोड स्थित बीज की दो दुकानों दिनेश बीज भंडार व प्रकाश बीज भंडार में हुई चोरी की घटना का भी खुलासा किया। इसके अलावा, आरोपी ने कुछ समय पूर्व जिला अस्पताल तिराहे पर ई-रिक्शा में सवार व्यक्ति की जेब काटने की भी जानकारी दी है। पुलिस पकड़े गए आरोपी को जेल भेजने के साथ ही फरार बदमाश की भी तलाश कर रही है।
फिर चुनी गई पुरानी कार्यकारिणी
मुजफ्फरनगर। भारत जनता दल टी के जीएस पब्लिक स्कूल में आयोजित अधिवेशन में पार्टी संगठन के पुन: चुनाव पर चर्चा की गई। लेकिन बाद में सभी पुराने पदाधिकारियों को दोबारा चुन लिया गया। बैठक में एमआर चौधरी, संजय अग्रवाल, चौधरी रिफाकत त्यागी, मोहम्मद रिजवान, इमरान अली, उमरद्दीन, नियाज अली, लुकमान, वकीला बेगम आदि मौजूद रहे।
समिति सचिवों ने दिया धरना
मुजफ्फरनगर। संयुक्त सहकारी समन्वय समिति के तत्वावधान में लंबित मांगों को लेकर साधन समिति सचिव परिषद मुजफ्फरनगर और शामली ने छठे दिन भी हड़ताल रख जिला सहकारी बैंक पर धरना देकर प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन में कैडर सचिव, आंकिक, लिपिक, सहयोगी आदि शामिल रहे। उन्होंने राजकीय कोष से वेतन का भुगतान करने, पेक्स कर्मचारियों को लंबित वेतन भुगतान एवं सेवानिवृत्ति 62 वर्ष करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में अध्यक्ष विनय कुमार, मंत्री विपिन पांडेय, सचिन राना, रविता देवी, जयवीर सिंह, अनुज मलिक, धीर सिंह पुंडीर आदि रहे।