फर्नीचर शोरूम में चोरी करता युवक रंगेहाथ दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर के मालवीय चौक स्थित फर्नीचर शोरूम में सामान खरीदने के बहाने पहुंचे युवक ने सामान चोरी करने का प्रयास किया, जिसे मौके पर ही रंगेहाथ पकड़ लिया गया। पकड़े जाने पर आरोपी ने खुद को दरोगा बताकर रौब गालिब करने का प्रयास किया, जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। शोरूम मालिक की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के मालवीय चौक पर सुल्तान फर्नीचर का शोरूम है। सोमवार सुबह एक युवक शोरूम में पहुंचा और कुर्सियां व अन्य सामान खरीदने की बात कही। इस पर शोरूम में तैनात कर्मचारी युवक को अंदर ले गया, जहां उसे सामान पसंद करने के लिए कह दिया गया। खुद को अकेला पाकर युवक ने ऊपरी मंजिल पर स्थित मेज से चार्जर व चश्मा चोरी कर लिया, जिसे शोरूम मालिक आमिर सीसीटीवी कैमरे के जरिये लगातार देखते रहे। इसके बाद जैसे ही युवक नीचे उतरकर बाहर जाने लगा, आमिर ने उसे पकड़ लिया। शोरूम मालिक के अनुसार, पकड़े जाने पर युवक ने अपना परिचय दरोगा सुनील चौधरी के रूप में देते हुए उनके ऊपर रौब गालिब करने का प्रयास किया। आरोपी ने खुद को पुलिस ऑफिस में तैनात बताया। इसकी सूचना आमिर ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया चश्मा व चार्जर भी बरामद कर लिया गया। पीड़ित आमिर ने बताया कि उक्त युवक करीब तीन माह पूर्व भी उनके शोरूम में आया था और इसी तरह मोबाइल, चार्जर व अन्य सामान चोरी कर ले गया था। आरोपी उसी समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था, जिसे सोमवार को फिर से पहुंचने पर फुटेज के जरिये पहचानकर उसे पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम कुछ ओर बताया, जिस पर पुलिस आरोपी से गोपनीय तरीके से पूछताछ में जुटी है। शोरूम मालिक आमिर ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने मामले की जानकारी होने से ही इंकार किया है।