वायदा कारोबार के नाम पर लाखों हड़पने का आरोप
मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र के साउथ भोपा रोड निवासी राधेश्याम ने पुलिस ऑफिस में शिकायती पत्र देकर बताया कि उसका बेटा अतुल गुप्ता एक फर्म में प्राइवेट नौकरी करता है। आरोप है कि कुछ समय पूर्व ऋषभ जैन नामक एक युवक अतुल से मिला और उसे गुड़ मंडी में वायदा कारोबार में रकम कम समय में दोगुनी करने का झांसा दिया। आरोपी के बहकावे में आकर अतुल गुप्ता ने कुछ रकम निवेश कर दी। आरोप है कि ऋषभ जैन ने कारोबार में घाटा दिखाते हुए अतुल गुप्ता पर रकम लौटाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने अतुल से तीन ब्लैंक चेक एक-एक लाख रुपये के जबरन साइन कराकर ले लिए, जबकि सेल्फ के भी 1.80 लाख रुपये के दो चेक छीन लिए। आरोप है कि अब युवक अतुल पर अवैध वसूली का दबाव बनाते हुए उसे धमकियां दे रहा है, जिससे डरकर अतुल भूमिगत हो गया है, जिसके चलते उसकी जान को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। पीड़ित ने सोमवार को पुलिस ऑफिस में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।