भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जित की
खतौली। मोहल्ला जैननगर से भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा की शोभायात्रा निकाल कर श्रद्धालुओं ने गंगनहर में प्रतिमा का विसर्जन किया। ढोल नगाड़ों तथा बैंडबाजे के साथ भगवान श्रीगणेश की शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु प्रतिमा को रथ में लेकर भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। इस दौरान मटकी फोड़ का भी कार्यक्रम हुआ। इसके बाद यात्रा प्रारंभ की गई। श्रद्धालुओं ने अबीर गुलाल के साथ होली खेली। यात्रा होली चौक होते हुए गंगनहर पर पहुंच कर संपन्न हुई। इसके बाद गंगनहर में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा का विर्सजन किया गया। शोभायात्रा का अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। प्रसाद वितरण भी किया गया।
बाइक चोरी की, दो खिलाफ मुकदमा दर्ज
रतनपुरी। गांव समौली में सरधना निवासी बाग ठेकेदार की बाइक चोरी कर ली गई। पीड़ित ने दो अज्ञात युवकों के विरुद्ध थाने पर मुकदमा पंजीकृत कराया है।
सरधना के गांव नवाबगढ़ी निवासी मोहम्मद फिरोज पुत्र मोहम्मद अली ने गांव समौली में आम का बाग ठेके पर ले रखा है। बृहस्पतिवार को वह समौली स्थित बाग में स्प्रे करने के लिए आया हुआ था। बाइक को उसने बाग के बाहर चकरोड पर खड़ी कर दी। शाम जब वह स्प्रे करने के बाद बाग से बाहर आया तो दो युवक उसकी बाइक को चोरी कर भागने लगे। उन्हें देखकर उसने काफी शोर मचाया। पीड़ित ने दो अज्ञात युवकों के विरुद्ध बाइक चोरी की तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी।