जानसठ। तालडा मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। एक घायल युवक को जिला अस्पताल में रेफर किया है।
रामराज थाना क्षेत्र के गांव देवल निवासी सीमा पत्नी रणधीर जानसठ के अस्पताल में रिश्तेदार के बच्चे को देखने के लिए आई थी। जहां हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने बताया कि डॉ गौतम के यहां बच्चा भर्ती होगा। सीमा बाहर निकल कर हॉस्पिटल का पता पूछने लगी। तभी गांव कम्हेड़ा निवासी सुरेंद्र पुत्र हुकम चंद से पता पूछकर गौतम नर्सिंगहोम तक छोड़ने को कहा। सुरेंद्र उसे साइकिल पर बैठाकर ले जा रहा था। तालडा मोड़ के पास सड़क पार करने लगा, तो सामने से आ रही एक बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही साइकिल व बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर कर बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर तीनों सीमा, सुरेंद्र व बाइक सवार एहतशाम को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने देवल निवासी सीमा (55) को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार गांव कवाल निवासी एहतशाम पुत्र सत्तार को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया ,जबकि तीसरे के मामूली चोट आई। पुलिस ने महिला के शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी पाकर परिजन भी आ गए थे। हादसे की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।