बुढ़ाना। जोगियाखेड़ा गांव के अमरीना हत्याकांड में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने और फुगाना पुलिस के दुर्व्यवहार से नाराज लोगों ने पुलिस क्षेेत्राधिकारी फुगाना कार्यालय के सामने जबरदस्त हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने फुगाना पुलिस पर हत्यारोपियों से साठगांठ करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष पर भी दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।
रतनपुरी थाने के गांव रियावली नंगला निवासी ग्रामीण ट्रैक्टर ट्राली, कार एवं बाइकों से शुक्रवार को सुबह तहसील मुख्यालय पहुंचे। कल्याणपुर गांव के प्रधान और सपा के विधानसभा प्रभारी आदिल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुलिस क्षेेत्राधिकारी फुगाना कार्यालय के सामने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने फुगाना के थानाध्यक्ष पर मृतका के मायके वालों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। पिता तसव्वर ने बताया कि उसने अपनी बेटी अमरीना का निकाह पांच माह पहले हमीद के बेटे समेदीन के साथ किया था। आरोप है कि दहेज में कार व दो लाख रुपये की नकदी न मिलने पर उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। प्रधान आदिल ने बताया कि अमरीना के गले व शरीर पर काफी निशान मिले थे। मायके वालों के प्रदर्शन के कारण फुगाना पुलिस ने घटना के दिन ही उसके पति समेदीन और ससुर हनीफ को गिरफ्तार कर लिया था। आरोप है कि घटना के तीन दिन बीत जाने पर भी पुलिस ने उनका चालान नहीं किया। ग्रामीणों ने बताया कि एक तो उनकी बेटी की हत्या हो गई दूसरे मामले की पैरवी करने पर थानाध्यक्ष फुगाना उनके साथ दुर्व्यवहार करता है। हत्या की नामजद रिपोर्ट होने के बाद भी पुलिस ने किसी को जेल नही भेजा।
सपा के विधानसभा प्रभारी आदिल ने बताया कि फुगाना थानाध्यक्ष के दुर्व्यवहार तथा उनकी अब तक की कार्रवाई के बारे में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित उच्चाधिकारियों तथा मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत भेजी है। ग्रामीणों के बीच पहुंचे सीओ फुगाना कालू सिंह ने बताया कि मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार किया जाएगा। घटना की जांच जारी है। किसी भी आरोपी को नही छोड़ा जाएगा। मौके पर प्रधान आदिल के नेतृत्व में इसरार, इसलाम, अख्तर, वकील, आसू, तैमूर, रिफाकत, ताज मोहम्मद आदि मौजूद रहे। सीओ के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।