आरोपी पति को जेल भेजा
पुरकाजी। दो सप्ताह पूर्व हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर मृत महिला के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आठ अगस्त को कस्बे के मोहल्ला तुर्कीस्तान निवासी आसिफ की पत्नी महराना की अचानक मौत हो गई थी। ससुराल वालों का कहना था कि फ्रिज में से सामान निकालते समय करंट लगने से उसकी मौत हुई है। मायके वालों ने हत्या करने का आरोप लगाया था। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम में विवाहिता की जलने से हुई मौत की पुष्टि होने के आधार पर सोमवार को उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीओ सदर रिजवान अहमद का कहना है मुकदमे की जांच की जा रही है, जो भी दोषी पाया जाएगा उसे जेल भेजा जाएगा। उधर, पुलिस ने न्यायालय द्वारा वारंट जारी करने पर ग्राम तुगलकपुर निवासी प्रदीप को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।