रंजिश में दो पक्षों के बीच मारपीट
खतौली। गांव बुआड़ा कलां में रंजिश में कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने कार पर पथराव कर दिया। पथराव में कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार की टक्कर लगने से ग्रामीण की दीवार ढह गई। पथराव से गांव में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से छह युवकों को हिरासत में लेकर उनका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
मोहल्ला गणेशपुरी निवासी सौरभ पुत्र कर्णसिंह के मकान में गांव बुआड़ा कलां निवासी अनुज पुत्र ओमप्रकाश पियोपी का काम कर रहा था। इसके गांव के ही रहने वाले अंशुल उर्फ भीम पुत्र परदेशी का फोन अनुज के मोबाइल पर आया। इन दोनों की काफी दिनों से रंजिश चल रही है। अंशुल मोबाइल फोन पर अनुज से गालीगलौज करने लगा। इस पर सौरभ ने अनुज से फोन लेकर अंशुल को अपशब्द कह दिया। मंगलवार की शाम को सौरभ, जोगेंद्र, मोनू को साथ लेकर अपनी कार से अनुज को बैठाकर गांव बुआड़ा कलां में छोड़ने के लिए चला गया। गांव में पहुंचते ही दूसरे पक्ष के अंशुल पक्ष के लोगों ने कार पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। सौरभ कार लेकर गांव से भागने लगा। कार को मोड़ते हुए टक्कर लगने से ग्रामीण की दीवार भी ढह गई थी। ग्रामीण कार सवारों के पीछे दौड़ पड़े। दूसरे पक्ष के लोगों ने कार पर पथराव व लाठी डंडों से हमला कर दिया, जिससे शीशे टूट गए और कार क्षतिग्रस्त हो गई। पथराव से गांव में अफरातफरी मच गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर मामला शांत किया। पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों से जोगेंद्र, सौरभ, मोनू, अनुज व प्रवेश, अरुण को पकड़ लिया, जबकि अंशुल मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को भी अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए छह युवकों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है।