विवाह समारोह स्थल से युवक को अगवा किया
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन क्षेत्र के रुड़की रोड पर स्थित बैंक्वेट हाल से कुछ लोगों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। घटना से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। लोगों ने पीछा किया तो आरोपी अगवा युवक को बिजलीघर के सामने फेंक कर फरार हो गए। सिविल लाइन पुलिस ने अपहरण और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रुड़की रोड पर स्थित किरण फार्म हाउस में सोमवार रात एक शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान वहां कुछ लोग आए और एक युवक के साथ कहासुनी के बाद मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपी युवक को अगवा कर कार में डाल कर फरार हो गए। घटना से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। युवक पक्ष के लोग कार सवारों के पीछे भागे तो आरोपी युवक को रुड़की रोड चुंगी के पास बिजलीघर के सामने सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। घायल युवक सहदेव सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में इंद्रा कालोनी निवासी चमन लाल ने केवलपुरी निवासी नीरज, अजय आदि के खिलाफ सिविल लाइन थाने में अपहरण और मारपीट का अभियोग पंजीकृत कराया है। बताया कि हरिद्वार के बहदराबाद निवासी उसका साढू सहदेव सिंह सोमवार रात को किरण फार्म हाउस में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने आया था। आरोप है कि नामजद आरोपियों ने वहां पहुंच कर मारपीट कर उसका अपहरण कर लिया। पीछा करने पर बिजलीघर के सामने चलती कार से फेंक कर फरार हो गए, जिसमें सहदेव घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष पहले से परिचित हैं तथा एक युवती को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है।