नशीली चाय पिलाकर चालक से ई-रिक्शा लूटी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। बदमाशों ने नशीली चाय पिलाकर चालक से ई-रिक्शा लूट ली। बदमाश रिक्शा लूटने के बाद चालक को बेहोशी की हालत में हाईवे पर छोड़ गए। परिजनों ने पुलिस को लूट की जानकारी दे दी है।
गांव नंगलारुर्द निवासी 55 वर्षीय विजय पुत्र नानकचंद ई-रिक्शा चालक है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विजय की रिक्शा में जानसठ तिराहे से तीन-चार बदमाश सवारी बनकर बैठे। इन बदमाशों ने चालक विजय को रास्ते में किसी दुकान पर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। बदमाश उसकी रिक्शा लूटकर फरार हो गए। बदमाश रिक्शा लूटने के बाद हाईवे पर चालक को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़ा छोड़ गए। परिजनों के मुताबिक विजय जब शाम तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने रातभर उसको तलाश किया। शुक्रवार की सुबह विजय हाईवे पर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने चालक को चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। अभी तक चालक को होश नहीं आया है। परिजनों ने पुलिस को लूट की जानकारी दे दी है।