नेशनल हाईवे पर लगातार हो रही वाहनों की लूट
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के अभियान में पुलिस ने चार बदमाशों को मार गिराने के साथ 23 बदमाशों को पैर में गोली मार कर अपाहिज किया, मगर नेशनल हाईवे पर लूट और कस्बों में डकैती की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग सका। बदमाश लगातार पुलिस को चुनौती देते हुए लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
जनपद पुलिस ने बीत तीन माह से बदमाशों के खिलाफ एनकाउंटर का अभियान चलाया हुआ है, जिसमें अभी तक पुलिस चार बड़े इनामी बदमाशों को मुठभेड़ में मार चुकी है। साथ ही 23 बदमाशों को अपाहिज कर चुकी है। इसके अलावा करीब चार दर्जन इनामी बदमाशों को जेल भेजा, मगर नेशनल हाईवे पर लूट और कसबों में डकैती की घटनाएं नहीं रुक सकी। इस दौरान पुरकाजी कसबे में दो घरों में डकैती पड़ी। शाहपुर में डॉ शहजादी के यहां भी डाका पड़ा। रोहाना में रोडवेज कर्मी के घर भी डकैती की वारदात हुई। तितावी क्षेत्र में ढिंढावली के संदीप से बाइक लूटी गई। छपार में गोपाली के पेट्रोल पंप कर्मचारी से ढाई लाख रुपये लूटे गए। दिल्ली-दूर हाईवे पर लूट की कई बड़ी वारदात हुई। नई मंडी में जानसठ बाईपास पर युवक को सरेआम गोली मार कर कार लूटने का प्रयास हुआ। नई मंडी में ही भोपा बाईपास हाईवे पर हरिद्वार के परिवार से नगदी, जेवरात और कार लूट की घटना हुई, जिसका पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी।
मंसूरपुर में बेगराजपुर के पास दिल्ली के बिल्डर से कार लूटी गई। खतौली बाईपास हाईवे पर रायपुरनंगली के पास बदमाशों ने टायरों से भरा ट्रक लूटा। इसके बाद बदमाशों ने खतौली बाईपास हाईवे से चीनी से भरा ट्रक लूटा। हालांकि पुलिस टायर और चीनी से भरे ट्रकों की लूट का खुलासा करने में सफल रही। मगर हाईवे पर लूट की वारदात नहीं रुकी। रविवार को बदमाशों ने सरेआम दिनदहाडे हाईवे पर बिजोपुरा चौराहे से गाजियाबाद से रुड़की जा रहे बीटेक के छात्रों अर्जुन चौहान और शिवम त्यागी से नगदी और कार लूट ली। हालांकि पुलिस ने इस घटना को कार चोरी में दर्ज किया है।
नेशनल हाईवे पर लूट के प्वाइंट
पुरकाजी बाईपास, पुरकाजी में खडका वाला बाग
छपार में बरला इंटर कॉलेज के पास
छपार में बिजोपुरा चौहारा, बढ़ेड़ी चौक
छपार में सिसौना और रामपुर तिराहा
नई मंडी में बागोवाली बाईपास, रथेड़ी बाईपास, पचेंडा बाईपास, भोपा बाईपास, जानसठ बाईपास
- मंसूरपुर में धोलापुर, बेगराजपुर, नावला कट
- खतौली में भैंसी कट, भैंसी बाईपास, सरधन अंडरपास, बुढ़ाना रोड अंडरपास, भंगेला
- रतनपुरी में रायपुर नंगली, केएफसी रेस्टोरेंट, फुलत अंडरपास, सठेड़ी बाईपास
जिला जज का तबादला
मुजफ्फरनगर। हाईकोर्ट ने जिला जज डॉ गोकुलेश का तबादला कर दिया है। उन्हें लखीमपुर का जिला जज बनाया गया है। बुलंदशहर के जिला जज अली जामिन को यहां का जिला जज बनाया गया है।