गाजियाबाद स्टेशन पर मिला श्रमिक
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गाजियाबाद के लोग पैसों के लेनदेन के विवाद में श्रमिक को अगवा कर ले गए थे। मजदूर रात में ही लोगों के चंगुल से छूटकर भाग निकला था। परिजनों को मजदूर गाजियाबाद के रेलवे स्टेशन पर मिला।
मोहल्ला शिवपुरी निवासी हरिमोहन पुत्र रघुनाथ कई वर्षों से गाजियाबाद में एक चिकित्सक के यहां मजदूरी करता था। हरिमोहन का चिकित्सक के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चला आ रहा था। हरिमोहन अब सकौती में काम कर रहा था। रविवार को गाजियाबाद का चिकित्सक अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर हरिमोहन को अपने साथ ले गया। श्रमिक की पत्नी सीमा ने रविवार शाम को पुलिस को बताया था कि उसके पति का बदमाश अपहरण करके ले गए हैं। हरिमोहन ने बताया कि रविवार की देर रात को वह आरोपियों के चंगुल से भाग निकला था।