शहर और छपार में शव मिले
मुजफ्फरनगर/ छपार। शहर के साईं धाम मंदिर के सामने और छपार में रई के पास दो लोगों के शव पड़े मिले हैं। दोनों की पहचान नहीं हो सकी। शहर में सिविल लाइन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया, जबकि रई के ग्रामीणों ने शव का दाह संस्कार कर दिया।
सिविल लाइन क्षेत्र में रेलवे रोड स्थित साईंधाम मंदिर के सामने रेलवे के खंभों के पास सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। इंस्पेक्टर सिविल लाइन जीसी शर्मा ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 55 साल है, जो सफेद रंग को कुर्ता पहने है। उधर, छपार में नेशनल हाईवे से रेई मार्ग के किनारे एक खेत में गला-सड़ा शव पड़ा मिला। शव की पहचान एक अर्द्धविक्षिप्त व्यक्ति के रूप में हुई। रेई जाने वाले रास्ते के किनारे गांव बढेड़ी निवासी जितेंद्र सिंह के ज्वार के खेत में यह शव पड़ा मिला। रेई के ग्राम प्रधान यतेंद्र त्यागी और ग्रामीणों ने पुलिस से शव को बिना पोस्टमार्टम कराए उन्हें देने की मांग की। पुलिस ने लिखापढ़ी कर शव ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया। बाद में ग्रामीणों ने उसका दाह संस्कार कर दिया।
धर्मस्थल पर मांस फेंकने की रिपोर्ट दर्ज
छपार (मुजफ्फरनगर)। बरला के धर्मस्थल में मांस फेंकने के प्रकरण में पुलिस ने तीन दिन बाद छह लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। भाईचारा कायम करने के लिए सीओ सदर और एसडीएम सदर ने दोनों संप्रदाय के लोगों की पुलिस चौकी में बैठक की।
गांव बरला में ईद उल अजहा के त्योहार पर एक धर्मस्थल में शरारती तत्वों ने मांस फेंककर गांव की फिजा बिगाड़ने का प्रयास किया था। जिसमें छह लोगों के विरुद्ध थाने तहरीर दी गई थी। पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर दूसरे संप्रदाय के लोगों ने बैठक का आयोजन किया। पुलिस ने मौके की नजाकत को भांप कर रात्रि में रिपोर्ट दर्ज कर दी, जिस कारण एक समुदाय के लोगों में खलबली मच गई। गांव में तनाव को देखते हुए सीओ सदर योगेंद्र सिंह और एसडीएम सदर शीतल प्रसाद गुप्ता ने दोनों समुदाय के लोगों की बैठक बुलाई। अरविंद त्यागी, प्रेम प्रकाश, नीटू, भूषण त्यागी, जाकिर, कय्यूम, डॉ नजीर, ताहिर त्यागी, सरताज त्यागी, रिजवान आदि मौजूद रहे।