पेट्रोल कम देने की शिकायत करना एक भाजपा नेता को महंगा पड़ गया। पेट्रोल पंप मालिक के इशारे पर कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। जिससे वहां हंगामा हो गया।
बृहस्पतिवार को कस्बा निवासी एक व्यापारी ने हाईवे पर बने पेट्रोल पंप से कार में 700 रुपये का तेल डलवाया था। कम तेल दिए जाने पर उसने इसकी शिकायत पेट्रोल पंप के मालिक से करते हुए नाराजगी जताई। साथ ही अपने परिचित एक भाजपा नेता से भी इसकी शिकायत कर दी। सूचना पर भाजपा नेता ने शुक्रवार रात पेट्रोल पंप पर जाकर पंप मालिक से तेल कम दिए जाने पर नाराजगी जताई। जिस पर वहां पर मौजूद कर्मचारियों ने पंप मालिक के इशारे पर भाजपा नेता से गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। हंगामा होने पर भीड़ जमा हो गई और बीचबचाव कर मामला शांत कराया। भाजपा नेता के साथ मारपीट करने का मामला कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस संबंध में भाजपा नेता से जानकारी की गई तो उनका कहना है कि कर्मचारियों द्वारा माफी मांग लेने के बाद विवाद खत्म हो गया है।