खतौली। जानसठ तिराहे पर पेट्रोल पंप के सामने पेयजल आपूर्ति को सुचारु करने के लिए गड्ढे में पाइप लाइन ठीक करते समय मिट्टी की ढांग गिरने से दबने से घायल मिस्त्री की मौत हो गई थी। इस मामले में बीएसएनएल विभाग पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बीएसएनएल की ओर से भूमिगत टेलीफोन की लाइन बिछाते समय मशीन से पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन को तोड़ दी थी। बृहस्पतिवार को मिस्त्री गुलरेज अपने पिता अब्दुल रहमान व दो अन्य मजदूरों को साथ लेकर पाइप लाइन ठीक कर रहा था। पाइप लाइन ठीक करने के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था। गड्ढे के अंदर पाइप लाइन ठीक करते समय अचानक मिट्टी की ढांग गिर गई। जिससे गड्ढे के अंदर मिस्त्री गुलरेज दब गया था। ढांग गिरने से अब्दुल रहमान व दोनों मजदूर भी घायल हो गए थे। पुलिस ने जेसीबी मशीन से घायल मिस्त्री का बाहर निकाला था। घायल मिस्त्री की मेरठ ले जाते हुए रास्ते में मौत हो गई थी। परिवार के जरीफ की ओर से बीएसएनएल विभाग के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।