मिल के सुपरवाइजर से लूट के मामले में रिपोर्ट दर्ज
भोपा। सुपरवाइजर के साथ हुई लूटपाट की घटना में घायल के पिता ने चार लोगों के विरुद्ध लूट और हमला का मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव इलाहाबास निवासी हरबीर सिंह पुत्र बलजीत ने भोपा थाने पर यह मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि उसका पुत्र सतीश मोरना चीनी मिल में प्राईवेट सिक्योरिटी सुपरवाइजर है। शुक्रवार दोपहर वह तनख्वाह के 50 हजार रुपये लेकर बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि जब सतीश मोरना के डिग्री कॉलेज के पास पहुंचा, तो पीछे से दो बाइकों पर चार बदमाश आए और सतीश की बाइक में टक्कर मारकर उसे नीच गिरा दिया। बदमाशों ने सतीश से तनख्वाह के 50 हजार रुपये मांगे , तो उसने मना कर दिया, जिस पर बदमाशों ने उसके सर पर धारदार हथियार से प्रहार कर घायल कर दिया। बाद में बदमाश नगदी लूट कर फरार हो गए। घायल के पिता ने बताया कि उसके बेटे सतीश ने चार बदमाशों में से दो की पहचान नरेश व सचिन, निवासीगण दरियाबाद थाना ककरौली के रूप में की है, जबकि दो की पहचान नहीं हो सकी है। एसएसआई लेखराज सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
रंगदारी की सूचना झूठी निकली
भोपा। भोकरहेड़ी में दुकानदार से रंगदारी मागने की झूठी सूचना पर पुलिस दौड़ी। मामला मारपीट का होने पर पुलिस दो युवकों को थाने ले आई।
भोकरहेड़ी निवासी एक व्यापारी ने डायल 100 पर सूचना देते हुए बताया कि एक बदमाश उसकी दुकान में घुसकर तमंचा दिखाते हुए रंगदारी मांग रहा है। मौके पर पहुंची 100 डायल पुलिस की टीम ने मामले की जानकारी की, तो एक शराबी युवक व दुकानदार में मारपीट का मामला सामने आया, जिन्हें पुलिस थाने लेकर आ रही थी, तभी दोनों लोग पुलिस की गाड़ी में ही भिड़ गए। पुलिस ने बताया मामला मारपीट का है, जिसकी जांच की जा रही है। आरोपी के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।