चरथावल। लकड़ी व्यापारी से धोखाधड़ी कर 10 लाख रुपये हड़पने पर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी नसीम की चरथावल कस्बे में लकड़ी की आढ़त है। आरोप है कि शामली निवासी एक युवक से उनका लेनदेन चलता रहता था। इसी विश्वास पर उन्होंने उसको 10 लाख रुपये उधार दे दिए। उधार के रुपये का तगादा करने पर आरोपी ने व्यापारी को रेप के झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी। पुलिस से आरोपी के खिलाफ फर्जीवाड़ा कर रुपये हड़पने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सात के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का केस
चरथावल। न्यामू निवासी विनोद ने बेटी के ससुराल वालों के खिलाफ दहेज के रूप में 50 हजार रुपये और बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर पति और ननदोई समेत सात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है। करीब दो साल पूर्व वादी की बेटी गीता की शादी शामली क्षेत्र के गांव सिक्का में अनिल से हुई थी। आरोप है कि कई दिन पूर्व विवाहिता को ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया था। उसके बाद ससुराल वालों ने न्यामू आकर बातचीत की, तो पीड़िता के ननदोई ने जानलेवा हमला करते हुए तमंचे से फायर झोंक दिया। गनीमत रही किसी को कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है।