घटनास्थल का एडीएम, एसपी सिटी ने किया दौरा
भोपा (मुजफ्फरनगर)। किशोरी से गैंगरेप के मामले में एडीएम और एसपी सिटी ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सीओ ने भी पीड़िता के परिजनों से मिलकर घटना के संबंध में जानकारी ली। उधर, नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।
भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को दस दिन तक बंधक बनाकर गैगंरेप किया गया था। सोमवार को पीड़िता की ओर से चार आरोपियों के खिलाफ अपहरण और गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। किशोरी ने आरोपियों पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का भी आरोप लगाया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली। मंगलवार को एडीएम प्रशासन हरिश चंद्र, एसपी सिटी ओमवीर सिंह उस स्थान पर पहुंचे, जहां से किशोरी का अपहरण किया गया था। साथ ही उस स्थान को भी देखा, जहां पर आरोपियों ने पीड़िता को बदहवास हालत में फेंका था। दोनों अधिकारियों ने सीओ भोपा मौहम्मद रिजवान और थाना प्रभारी विजय सिंह को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए मामले की गहराई से जांच-पड़ताल करने के निर्देश दिए। एडीएम और एसपी सिटी ने कहा कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।