इलाहाबाद में हाईकोर्ट के बाहर से युवती का अपहरण
मुजफ्फरनगर। प्रेमी संग कोर्ट मैरिज करने इलाहाबाद गई युवती का कोर्ट के बाहर से कार सवार लोगों ने अपहरण कर लिया। युवती के अगवा होने की सूचना तीन जिलों की पुलिस में खलबली मच गई। पुलिस की जांच में कार का नंबर गाजियाबाद का निकला है। इलाहाबाद और गाजियाबाद पुलिस कार का नंबर ट्रेस कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
खतौली क्षेत्र निवासी प्रेमी युगल घर से फरार होने के बाद कोर्ट मैरिज करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट गया था। मंगलवार सुबह दोनों की कोर्ट में तारीख थी। सुबह दोनों कोर्ट के बाहर खड़े थे। इसी बीच कार सवार लोग दोनों के पास आए और युवती को कार में डालकर फरार हो गए। कार पर गाजियाबाद का नंबर था। प्रेमी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इलाहाबाद पुलिस ने तुरंत मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद पुलिस को कार का नंबर देकर इसे ट्रेस करने को कहा। तीनों जनपदों की पुलिस संबंधित कार और युवती के बारे में पता लगाने में जुट गई थी। युवक को इलाहाबाद पुलिस ने अपनी सुरक्षा में बैठा रखा है। पुलिस कार का नंबर ट्रेस करने में जुटी है। अफसरों ने बताया कि कार के नंबर की सही जानकारी नहीं हो पा रही है।