दलितों के आंदोलन के दौरान हुए उपद्रव और हिंसा के मामले में लगातार मुकदमे दर्ज किए जा रहे है। बृहस्पतिवार को शहर कोतवाली और थाना सिविल लाइन इंस्पेक्टर की ओर से भी उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं, दो मुकदमे पब्लिक की ओर से लिखवाए गए।
पुलिस ने नौ और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अभी तक उपद्रव और हिंसा के मामले में कुल 40 केस दर्ज हो चुके हैं और पुलिस के अलावा आरपीएफ और जीआरपी 80 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उधर, पुलिस वीडियो, फोटो के जरिए उपद्रव में शामिल रहे आरोपियों को चिह्नित करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश डाल रही है।
सोमवार को हुए उपद्रव के चार दिन बाद बृहस्पतिवार को शहर कोतवाली पर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने करीब 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ लाठी डंडो से लैस होकर जबरन बाजार बंद कराने, व्यापारियों को जान से मारने की धमकी देने, लोक शांति भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का दर्ज कराया है।
पुलिस ने इस मुकदमे में दो आरोपियों रामनगर बरला के संदीप और कपिल को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। सिविल लाइन थाने पर इंस्पेक्टर डीके त्यागी की ओर से चार आरोपियों को नामजद और करीब 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ आगजनी, तोड़फोड़, हिंसक उपद्रव करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
सिविल लाइन पुलिस ने सदर बाजार में हुई हिंसक घटना में शामिल दो आरोपियों मोनू बेहडा आस्सा और अलावलपुर के टिंकू उर्फ बॉबी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उधर, नई मंडी पुलिस ने आगजनी के मामले में पांच आरोपियों अर्चन पुरकाजी, सोनू उर्फ उपेंद्र निरमाना, बबलू उर्फ छांगा निरमाना और नेत्रराम निवासी रसूलपुर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उपद्रव के एक-एक मुकदमा पब्लिक की ओर से सिविल लाइन थाने और नई मंडी कोतवाली पर दर्ज कराया गया है।
दलितों में दहशत, छतों पर बैठ कर गुजार रहे रात
मुजफ्फरनगर। उपद्रव के आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार दबिश डाल रही है, जिससे दलितों में भय व्याप्त है। दलित बहुल ग्रामों और मोहल्लों में दलित समाज के लोग रात में अपने मकानों की छतों पर बैठ कर रात गुजार रहे है।
12 से अधिक दुकानों में की थी तोड़फोड़
आंदोलन के दौरान उपद्रवियों ने रोडवेज बस स्टैंड के सामने भी जमकर उपद्रव मचाया था। एक दर्जन से अधिक दुकानों में तोड़फोड़ कर दुकानों का सामान क्षतिग्रस्त किया था। विरोध करने पर दुकानदारों के साथ मारपीट की गई। बृहस्पतिवार को पीड़ितों की ओर से दुकानदार संजय शर्मा ने करीब 150 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने पर मुकदमा कायम कराया है।
सोमवार को एससी-एसटी एक्ट में बदलाव के विरोध में दलितों ने शहर में आंदोलन किया था। हजारों प्रदर्शनकारी जीआईसी के मैदान से बाजार बंद कराते हुए सड़कों पर निकले थे। प्रकाश चौक तक सब ठीक था, भीड़ की मंशा भांप कर दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर ली थी, मगर जैसे ही भीड़ रोडवेज बस स्टैंड के सामने पहुंचे तो आंदोलनकारी उपद्रवी बन गए थे।
यहां पर उपद्रवियों की भीड़ ने लाठी डंडों के बल पर आतंकित कर दुकानदारों से जबरन उनकी दुकानें बंद कराई। रोडवेज के सामने मार्केट में मिठाई की दुकान करने वाले दुकानदार संजय शर्मा ने सिविल लाइन थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उपद्रवियों ने उसकी दुकान पर आकर जमकर तोड़फोड़ की ओर मिठाईयां उठा कर सड़क पर फेंक दी।
दुकान का फर्नीचर भी तोड़ दिया। विरोध करने पर मारपीट की। इसके बाद उपद्रवियों ने मेट्रो रेस्टोरेंट, पंजाबी ढाबा, वैष्णो ढाबा, राघव रेस्टोरेंट, रोडवेज बस स्टैंड की कैंटीन समेत सभी दुकानों में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर दुकानदारों पर हमला किया गया।
बाइक जलाने का मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। सरवट निवासी अलीम रोशन ने सिविल लाइन थाने पर अज्ञात में बाइक जलाने का मुकदमा दर्ज कराया है। बुधवार को अज्ञात लोगों ने उसके मकान के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी थी।
उपद्रवियों ने राहगीरों से लूटपाट भी की
मुजफ्फरनगर। सोमवार को नई मंडी कोतवाली पर पथराव, आगजनी के दौरान उपद्रवियों ने राहगीरों से लूटपाट भी की थी। नई मंडी के एक व्यापारी ने इस संबंध मे बृहस्पतिवार को नई मंडी कोतवाली पर अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कराया है।
नई मंडी के गीता एनक्लेव निवासी सहदेव ने यह मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि सोमवार को उपद्रव के दौरान जानसठ ओवरब्रिज के नीचे अज्ञात उपद्रवियों ने उसे डरा धमका आतंकित कर उससे 3200 रुपये लूट लिए और विरोध करने पर उस पर जान से मारने की नियत से फायर किया। पुलिस ने सहदेव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।