स्कूल की बस से छात्र को अगवा करने का मच गया शोर
चरथावल। दधेडू क्षेत्र में एक पब्लिक स्कूल की बस से बाइक सवार युवकों द्वारा एक छात्र को अगवा करने की खबर पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में मामला दो छात्रों के बीच 10 हजार रुपये के लेनदेन का निकला। शाम को दोनों पक्षों में सुलहनामा हो गया।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद दधेडू क्षेत्र के पब्लिक स्कूल में अवकाश के बाद आधा दर्जन युवकों ने एक छात्र स्कूल की से उतारने का प्रयास किया। वहां से चालक तेज गति से बस को लेकर चला और दधेडू गांव में सड़क पर प्रधान के घेर में बस को घुसा दिया। आरोप है कि बस में सवार में बुड़ीना खुर्द के छात्र को उतारकर पिटा, लेकिन ग्रामीणों के प्रयास से एक युवक मौके से पकड़ा गया। जबकि मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया। स्कूल प्रबंधन द्वारा डायल 100 पर छात्र के अपहरण की खबर दी, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसएचओ राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामला स्कूल के ही दो छात्रों में लेनदेन को लेकर विवाद का निकला। एसओ ने बताया कि पब्लिक स्कूल में कम उम्र के दधेडू और बुढ़ीना खुर्द के छात्रों में रुपयेे के लेनदेन को लेकर विवाद था। दधेडू के छात्र अपने साथियों संग फिल्मी स्टाइल में स्कूली बस का पीछा किया, जिससे स्कूल में अन्य छात्रों में अफरातफरी मच गई। छात्र की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं आई। दोनों पक्षों में सुलहनामा हो गया है।