मुजफ्फरनगर। नौकरी दिलाने का झांसा देकर डेढ़ माह तक रामपुरी के एक मकान में बंधक बनाते हुए दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने कई दिन पूर्व पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर खुद को शाहबुद्दीनपुर रोड रामपुरी में बंधक बनाकर रखे जाने की सूचना दी थी। डायल-100 ने महिला को बंधनमुक्त कराते हुए आरोपी को धर दबोचा था। पीड़ित महिला ने ककरौली क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी निवासी संदीप के खिलाफ नौकरी का झांसा देकर शहर में बुलाने और मकान में बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच की थी, जिसमें संदीप दोषी पाया गया था। इस पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी को जेल भेज दिया है।
फरार हमलावर की गिरफ्तारी की मांग
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव जौली निवासी शेर अली ने पुलिस ऑफिस में शिकायती पत्र देकर बताया कि उसके बेटे इसरार पर गांव के ही अफजाल, ताजिम, हन्नना, सलीम व गुलजार ने घर में घुसकर कातिलाना हमला किया था। कई दिन तक इसरार जिला अस्पताल में भर्ती रहा था। आरोप है कि मामले का एक आरोपी अब तक फरार चल रहा है, जो खुलेआम गांव में घूमते हुए पीड़ित परिवार को धमकियां दे रहा है। पीड़ित ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की मांग की।