युवती को घर से अगवा करने की कोशिश
मुजफ्फरनगर। शहर के मोहल्ला एक निवासी युवती को दो युवकों ने घर में घुसकर जबरन अगवा करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती को तेजाब डालने की धमकी दी और शोर मचाने पर भाग निकले। पीड़िता ने आरोपी पर काफी समय से पीछा करते हुए छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी को धर दबोचा, जबकि दूसरा फरार है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने तहरीर देकर बताया कि विगत दिवस खालापार निवासी मुहिब कुरैशी एक साथी के साथ उसके घर में घुस आया। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने युवती के साथ छेड़खानी करते हुए उसे जबरन घर से उठाकर ले जाने का प्रयास किया। पीड़िता के परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने युवती पर तेजाब डालने की धमकी दे डाली। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार आरोपी काफी समय से उसका घर से कहीं भी आते-जाते समय पीछा करते हुए छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करता आ रहा था। कई बार उसे समझाया गया, परिजनों ने दो बार पुलिस से शिकायत भी की, लेकिन हर बार आरोपी मौअज्जिज लोगों से बीचबचाव कराते हुए माफी मांगकर बच निकलता था। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी मुहिब कुरैशी को उसी के घर से धरदबोचा, जबकि उसका साथी फरार हो गया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि युवती ने आरोपी मुहिब के खिलाफ छेड़छाड़ सहित संगीन आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे जेल भेजा जा रहा है।