बझेड़ी व कल्लरपुर मार्ग पर लूटपाट
मुजफ्फरनगर। बृहस्पतिवार शाम बेखौफ बदमाशों ने बझेड़ी शिवमंदिर के निकट चाचा-भतीजे को आतंकित कर बाइक-मोबाइल लूट लिया। उधर, कल्लरपुर मार्ग पर भी बदमाशों ने युवक से बाइक व नकदी लूट ली। शहर क्षेत्र में देर शाम हुई लूटपाट की दो घटनाओं से पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बझेड़ी निवासी आलम बृहस्पतिवार शाम भतीजे अर्शिल के साथ किसी काम से बाइक पर गांधी कॉलोनी आ रहा था। वह अंडरपास के निकट स्थित शिवमंदिर के निकट पहुंचा, वहां पहले से मौजूद चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनसे बाइक व एप्पल का मोबाइल लूट लिया और धमकी देते हुए फरार हो गए। उधर, दूसरी घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के कल्लरपुर मार्ग पर हुई, जहां गांव में मेनपाल के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक युवक से तीन बदमाशों ने उसकी बाइक व नकदी लूट ली। शहर क्षेत्र में लूटपाट की दो घटनाएं होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनों थानों की फोर्स ने घटनास्थल पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
अपहृत लड़की की बरामदगी की मांग
मुजफ्फरनगर। तितावी क्षेत्र के गांव पीरबढ़ से करीब सवा माह पूर्व एक लड़की संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। परिजनों ने मामले में गांव नूनाखेड़ी के युवक पर लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार को पीरबढ़ की महिलाएं व ग्रामीण पुलिस ऑफिस पहुंचे और अपहृत लड़की की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।
कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक आयोजित
मुजफ्फरनगर। एंटी करप्शन की बैठक एसडी मार्केट स्थित जिला कार्यालय पर हुई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान हर बार की तरह जिला प्रशासन की मदद करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने का निर्णय लिया गया। इसके लिए नगर अध्यक्ष प्रियांक शर्मा व जिला सचिव कप्तान सिंह नागपाल को जिम्मेदारी सौंपी गई। अनुराग सिंघल, विक्की चावला, संदीप सक्सेना, संदीप कालरा, हिमांशु गोयल, प्रतीक अरोरा, प्रियंका शर्मा व रूपक शर्मा मौजूद रहे।