मुजफ्फरनगर/मंसूरपुर।
मंसूरपुर मिल कॉलोनी के पास स्थित रेलवे ट्रैक के पास शनिवार दोपहर एक युवक की क्षत-विक्षत लाश पड़ी मिली। राहगीरों ने लाश की सूचना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में लेते हुए उसे मोर्चरी भेज दिया। पुलिस के अनुसार, लाश करीब 42 वर्षीय युवक की है, जो नीले रंग के कपड़े पहने हुए था। लाश में कई जगह कीड़े पड़ने से वह क्षत-विक्षत भी हो चुकी है, जिससे उसकी शिनाख्त भी नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया युवक के किसी ट्रेन से गिरकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है। शिनाख्त नहीं होने के कारण लाश को मोर्चरी भेज दिया गया है।
बहन को गोली मारने का आरोपी भाई गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दक्षिणी खालापार निवासी फरहीन पुत्री इसरार को विगत नौ जुलाई की रात उसी के भाई शाहरुख ने गोली मार दी थी। पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल फरहीन को जिला अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया गया था, जहां अब तक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पिता इसरार ने बेटे शाहरुख के खिलाफ कातिलाना हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद से ही वह फरार था। शुक्रवार देर रात पुलिस ने आरोपी शाहरुख को किदवईनगर में जोहड़ वाली मस्जिद के निकट से गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से वारदात में प्रयुक्त तमंचा व दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, शाहरुख ने पूछताछ में बताया कि उसकी बहन का चाल-चलन ठीक नहीं था, जिसे कई बार समझाया भी गया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके चलते परिवार की बदनामी हो रही थी। आखिरकार उसने फरहीन के नहीं सुधरने पर उसे गोली मार दी थी। पूछताछ के बाद आरोपी शाहरुख को जेल भेज दिया गया है।